नई दिल्ली क्षेत्र में आचार संहिता का सबसे अधिक उल्लंघन
नई दिल्ली -: निर्वाचन आयोग द्वारा लोकसभा चुनाव 2019 को लेकर “आचार संहिता” उल्लंघन की शिकायतों के लिए चलाई गई सी-विजिल ऐप को दिल्ली में काफी सफलता प्राप्त हो रही है| इस ऐप के माध्यम से अब तक आचार संहिता के उल्लंघन की लगभग 956 शिकायतें मिल चुकी हैं। जिनमें से152 शिकायतों की सही पुष्टि न होने के कारण खारिज कर दिया गया। सूत्रों के अनुसार चुनाव कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, 72 प्रतिशत शिकायतें इस ऐप पर सही मिली हैं। ऐप पर सबसे अधिक शिकायतें नई दिल्ली क्षेत्र में प्राप्त हुई हैं। 365 शिकायतों में से 263 सही पाई गईं जिनमें से 35 को रिटर्निंग ऑफिसर ने खारिज कर दिया है। दूसरे नम्बर पर साउथ वेस्ट दिल्ली का स्थान आता है।115 प्राप्त शिकायतों में से 102 सही पाई गईं हैं। राजधानी दिल्ली में सबसे कम शिकायतें नॉर्थ-ईस्ट दिल्ली से प्राप्त हुई हैं। इस क्षेत्र से 17 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 9 सही पाई गईं हैं।
राजनीतिक पार्टियों को रैलियों, रोड शो, जनसभाएं करने के लिए परमिशन आसानी से मिल सकेगी। इसके लिए चुनाव कार्यालय ने सुविधा ऐप शुरू किया है। अब सभी चुनावी कार्यक्रमों के लिए पॉलिटिकल पार्टियां इस ऐप के जरिए अप्लाई कर सकती हैं। यह प्रक्रिया ऑफलाइन भी उपलब्ध रहेगी।
सार्वजनिक या प्राइवेट प्रॉपर्टी गंदा करने के लिए पॉलिटिकल पार्टियों के खिलाफ अब तक 22 एफआईआर दर्ज की गई हैं। इनमें से सबसे अधिक आम आदमी पार्टी पर 10, बीजेपी पर 7, कांग्रेस पर 1 और 2 अन्य पर हुई हैं। बिना इजाजत चुनाव प्रचार करने के लिए 17 एफआईआर हुई हैं।